Sunday 15 April 2018

प्यार की परिभाषा


वो एक अच्छा प्रेमी युगल था।
लड़का, जो कि पहली मुलाकात से लेकर जन्मदिन तक की हर तारीख़ याद रखता था, और वहीं लड़की, सबसे बड़ी भुलक्कड़ थी। हर विशेष मौके पर वह उसे फूलों के बड़े-बड़े गुलदस्ते देता, लेकिन लड़की का पसंदीदा गुलदस्ता छत पर गमलों का वह बगीचा था जो दोनों ने साथ मिलकर लगाया था। वह उसे सबसे अच्छी होटल में candlelight Dinner के लिये लेके जाता था, लेकिन लड़की के लिए सबसे Romantic Dinner वह था, जब उसके उबलते तेल से जलने के डर को दूर करने के लिये लड़के ने पास खड़े होकर उससे पकौड़े बनवाए थे; और २ घंटे में बने उन पकौड़ों को सर्दियों की ठिठुरती रात में छत पर बैठकर एक कम्बल ओढ़े दोनों ने खाया था। लड़की को public vehicle में  किसी तरह की तकलीफ़ न हो, इसलिए वह उसे हमेंशा अपनी कार में लेके जाता था, उसका पूरा ख्याल रखता था और लड़की उस दिन की याद पर आज भी हँसती है जब लड़के ने उसकी चुनौती को पूरा करने के लिये १५-२० सालों बाद वापस साइकिल चलाई थी और पंक्चर होने पर दोनों गिर गए थे।
दोनों को आधी रात में long drive पर जाना पसंद था, लेकिन यहाँ भी लड़की की सबसे पसंदीदा long drive वह थी जब इसी तरह एक रात कार ख़राब हो गई थी और सारी रात अँधेरे जंगल में मोबाइल पर कार्टून फिल्में देखकर बिताई थीऔर उस रात वही लड़का अंदर ही अंदर परेशान था कि कोई अनहोनी न हो जाए।
ऐसे कितने ही अनगिनत पल थे !!
वह किताबों में प्यार की परिभाषाएँ पढ़ता और उन्हीं के अनुसार उस लड़की से प्यार करता, वहीं दूसरी ओर वह लड़की हर छोटे-छोटे पल में अपने प्यार को जीती !!
और इसी तरह एक बार जब उसके प्यार की परिभाषा पूरी नहीं हुई, तो धीरे-धीरे उसे ये लगने लगा कि उसका ये प्यार, प्यार नहीं है और एक दिन अनमने मन से वह चला गया, उसे छोड़कर।
लड़की ने उसके साथ बिताए पलों को अपनी यादों के पिटारे में कहीं महफूज़ करके रख दिया।
लेकिन सुना है कि अब उसे पकौड़े बनाने में डर नहीं लगता और उसकी छत के पौधे भी काफ़ी बड़े हो गए है, जो रंग-बिरंगे फूलों से लदे हुए है। आज भी वह हर रोज़ रात को घंटों तक सितारों को उसके साथ बिताए पलों की कहानियाँ सुनाती रहती है; उन्हीं सितारों को जिन्हें वह अपनी balcony से ताकता रहता है और उनको आपस में जोड़-जोड़ कर उसका चेहरा बनाता रहता है।
वह एक अच्छा प्रेमी युगल था। दोनों को एक दूसरे से बेहद प्यार था। बस..!! प्यार की परिभाषा ने दोनों को एक-दूसरे से अलग कर दिया..!!